firozabad

यूपी पंचायत चुनाव LIVE : पीलीभीत में बैलेट पेपर से चुनाव चिह्न गायब, रोका गया मतदान

848 0

लखनऊ । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (UP Panchayat Election) के तीसरे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जोकि शाम 6 बजे तक चलेगा। आज प्रदेश के 20 जिलों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत अध्यक्ष और ग्राम पंचायत सदस्य के 2 लाख 14 हजार 874 पदों पर चुनाव होना है। इन पदों पर 2 लाख 29 हजार 356 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

इन 20 जिलों में हो रहा है मतदान

प्रदेश के शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया,चंदौली, मिर्जापुर व बलिया जिलों में मतदान जारी है।

बाराबंकी- कोरोना महामारी में सरकार बार-बार अपील कर रही है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें लेकिन प्रत्याशी व मतदाताओं पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। कई पोलिंग बूथों का जायजा लेते हुए देखा गया कि सोशल डिस्टेंसिंग को नजरअंदाज करते हुए लोग मतदान कर रहे हैं। जब इस बारे में लोगों से पूछा गया तो उनका कहना था कि पीठासीन अधिकारी धीमे कार्य करा रहे हैं जिसकी वजह से वोट डालने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है।

पीलीभीत- जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमरगंज गांव में बैलेट पेपर से प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न गायब होने के चलते जमकर हंगामा हुआ। जिला पंचायत के वार्ड नंबर 23 के अंतर्गत आने वाले अमरगंज गांव में 21 प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन बैलेट पेपर पर 12 प्रत्याशियों के ही चुनाव चिह्न थे। करीब 150 वोट पड़ने के बाद जब ग्रामीणों को पूरे मामले की जानकारी हुई तो मतदान केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही पीलीभीत सदर के एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य और सीओ वीरेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और कमियों को दूर कराकर मतदान शुरू कराने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं ग्रामीणों ने चुनाव निरस्त करने को लेकर हंगामा किया।

उन्नाव – जिले की 9 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए मतदान नहीं हो रहा है। दरअसल, 7 प्रधान प्रत्याशियों की मौत के बाद रविवार को दो और प्रधान प्रत्याशियों की मौत हो गई, जिसके चलते चुनाव रद्द किया गया है। बता दें कि विकासखंड फतेहपुर चौरासी की ग्राम पंचायत अहमदाबाद माथर की प्रधान पद की प्रत्याशी पार्वती की रविवार को हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इसके अलावा सफीपुर विकासखंड के फतेहपुर गांव में प्रधान पद के प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद रावत को रविवार सुबह सांस लेने में दिक्कत हुई, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ संजय ने बताया कि अब तक बिछिया के बदलीखेड़ा, बड़ौरा, इछौली व जमुका, बीघापुर के सगवर व लालगंज-प्रथम, सफीपुर के अटवा मोहाल ओसिया और सिकंदरपुर कर्ण के लखापुर में प्रधान पद का चुनाव रद्द किया गया है।

चंदौली – नियामताबाद ब्लॉक की ग्रामसभा लेडुआपुर के मतदाताओं ने पोलिंग बूथ बदले जाने को लेकर चुनाव का बहिष्कार कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव बहिष्कार की तख्तियां हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि पहले पोलिंग बूथ गांव के प्राथमिक विद्यालय में बनाया जाता था जबकि इस बार बूथ को संवेदनशील गांव शकुराबाद में बना दिया गया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने पहले भी जिले के अधिकारियों से शिकायत की थी लेकिन जिला प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया। शिकायत करने के बावजूद बूथ नहीं बदला गया. इसी से आक्रोशित होकर मतदान का बहिष्कार किया है।

चंदौली – पंचायत चुनाव के मद्देनज़र जनपद से सटे बिहार बॉर्डर को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है। इसके लिए बॉर्डर इलाके पर बैरीकेडिंग की गई है। बॉर्डर पर आज दिनभर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के बाद ही यहां आवागमन सुचारु होगा। इससे पहले सदर ब्लाक में रविवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों के साथ ही रूट चार्ट की जानकारी प्राप्त की, वहीं अन्य पत्रावलियों का भी अवलोकन किया।

मतदान को लेकर डीएम व एसपी ने जारी किया वीडियो  

मतदान के बीच डीएम संजीव सिंह और एसपी अमित कुमार लगातार क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। डीएम व एसपी ने सोशल मीडिया में एक वीडियो जारी किया है। इसमें बताया है कि जिले में अभीतक शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। उन्होंने मतदाताओं से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वोट डालने की अपील की है।

पीलीभीत – त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो गया है। इस दौरान जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम सिया वाड़ीपट्टी में एक गाड़ी को सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम और एसडीएम सदर अविनाश चंद्र मौर्य ने सीज किया है। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी एक प्रत्याशी के द्वारा लगाई गई थी जो मतदाताओं को लाने, ले जाने का कार्य कर रही थी।

कानपुर देहात में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले के 12 लाख 21 हजार 796 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसके लिए सभी 1943 बूथों पर पोलिंग पार्टियां कल ही पहुंच गई थी। हालांकि कोरोना के ख़ौफ़ से इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं के अंदर वो जोश देखने को नहीं मिल रहा है। जनपद के सभी 10 ब्लाकों के 618 प्रधान व 7851 ग्राम पंचायत सदस्य, 757 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 32 जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान जारी है. मतदान ड्यूटी पर 160 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

मिर्जापुर में तीसरे चरण का मतदान सुबह से शुरू हो गया है। लंबी-लंबी लाइनों में लगकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। यहां 809 ग्राम प्रधान, 1092 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 10471 ग्राम पंचायत सदस्य, 44 जिला पंचायत सदस्य के पदों पर चुनाव हो रहा है। इसमें 3 ग्राम प्रधान ,9 क्षेत्र पंचायत सदस्य ,5724 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वही 6282 ग्राम प्रधान, 6499 सदस्य क्षेत्र पंचायत, 5036 सदस्य ग्राम पंचायत और 883 सदस्य जिला पंचायत के उम्मीदवार मैदान में हैं। 17 लाख 78 हजार 60 मतदाता इन प्रत्याशियों के किस्मत का फैसला करेंगे।

सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ाई जा रही धज्जियां 

बढ़ते कोरोना के खतरे के बीच पंचायत चुनाव में भारी भीड़ मतदान केंद्रों पर उमड़ रही है। हालात यह हैं कि मतदान केंद्रों पर भीड़ की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग पर पूछे गए सवाल पर मतदान के लिए आए लोगों का कहना है कि जो सुविधा मिल रही है उसी सुविधा में वोट दे रहे हैं। जिला प्रशासन यहां पर कोरोना का नियम का पालन नहीं करा पा रहा है मगर हम लोग अपने बचने के लिए मास्क लगाकर केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

फिरोजाबाद में तीसरे चरण का मतदान सुबह से शुरू हो गया है. यहां ग्राम प्रधान पद के 564, जिला पंचायत सदस्य के 33, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 817 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 7196 पदों के लिए वोटिंग हो रही है। इन पदों के लिए 10425 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जिला पंचायत के लिए 450, क्षेत्र पंचायत के लिए 3372, ग्राम प्रधान के लिए 5202 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 1501 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले में 1082 मतदान केंद्र और 2243 बूथ बनाए गए हैं। इन केंद्रों में से 309 केंद्र संवेदनशील, 323 अति संवेदनशील और 232 केंद्र अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए हैं। वहीं 10 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आज कुल 13 लाख 6 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

Related Post

The tradition of offering Khichdi to Mahayogi Guru Gorakhnath is from the Treta Yuga.

मुख्यमंत्री योगी ने महायोगी गोरखनाथ को चढ़ाई आस्था की पवित्र खिचड़ी

Posted by - January 15, 2024 0
गोरखपुर। मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के पावन पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने सोमवार भोर में…
CM Yogi did Rudrabhishek in Mansarovar temple

सीएम योगी ने मानसरोवर मंदिर में जनकल्याण के लिए किया रुद्राभिषेक

Posted by - July 24, 2023 0
गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने श्रावण मास के तीसरे सोमवार को सुबह जनकल्याण…
AK Sharma

किसानों को कृषि संबंधी कोई समस्या ना हो: एके शर्मा

Posted by - August 28, 2022 0
बरेली। मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में बरेली मण्डल के प्रभारी मंत्री व नगर विकास एवम् ऊर्जा मंत्री  एके…
Chief Minister's Global Nagarodaya Yojana

निकाय से लेकर राज्य स्तर पर होगी मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना की निगरानी

Posted by - July 26, 2024 0
लखनऊ : शहरी स्थानीय निकायों में बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही उनकी इनकम में बढ़ोत्तरी के उद्देश्य से शुरू की गई…