molestation with dancer in gorakhpur
जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक नाबालिग डांसर को अगवाकर बाइक सवार बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। राहगीरों की मदद से हड़हवा फाटक पुलिस चौकी पहुंची पीड़िता ने चौकी प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने मामला टाल दिया।
वहीं, जब बुधवार को पीड़िता की आपबीती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा तो प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एडीजी, आईजी और एसएसपी सभी थाने पहुंच गए। घटना को छिपाने वाले चौकी प्रभारी और ड्यूटी पर मौजूद सिपाही को तत्काल निलंबित करते हुए उनके खिलाफ मामला छिपाने का केस भी दर्ज करा दिया गया।
पीड़िता मंगलवार की रात एक कार्यक्रम में नृत्य करने के बाद अपनी दो सहेलियों संग वापस घर लौट रही थी। सुनसान रास्ते पर बाइक सवार युवकों ने उसे अगवा कर लिया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। किसी तरह छूटने के बाद पीड़िता हड़हवा फाटक पुलिस चौकी पहुंची और चौकी इंचार्ज बृजेश यादव को आपबीती सुनाई लेकिन चौकी इंचार्ज ने बिना किसी कार्रवाई किए उसे उसकी मां के साथ घर भेज दिया।
अगले दिन पीड़िता की आपबीती बताते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एडीजी, आईजी और एसएसपी सभी थाने पहुंच गए। नाबालिक नर्तकी की मां की तहरीर के आधार पर एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया. जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
