बस्तर/देहरादून। CM Pushkar Singh Dhami ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में प्रतिभाग करते हुए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने की।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी (CM Dhami) ने कहा कि राज्यों के बीच बेहतर संवाद, सहयोग और समन्वय से ही देश के समग्र एवं संतुलित विकास को गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सहकारी एवं समन्वित संघीय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने बैठक में उत्तराखंड में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और दिव्य-भव्य कुंभ मेले की तैयारियों का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर हैं। इन आयोजनों के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक होगा।
मुख्यमंत्री धामी (CM Dhami) ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के सहयोग से मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।
बैठक में आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रयासों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत विकास, पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

