CM Dhami

नियुक्ति पत्र नहीं, यह जनसेवा का संकल्प पत्र है: सीएम धामी

4 0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने कहा कि नव नियुक्त अभ्यर्थियों को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और दूरस्थ क्षेत्रों में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही होते हैं। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों एवं मशरूम पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को उपचार का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण और संचालन तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन एवं हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव नियुक्त युवा प्रदेश को कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि राज्य में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में उद्यान विभाग द्वारा अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति तथा जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, जो किसानों के लिए आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नए चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की नियुक्ति से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

CM Vishnu Dev Sai

सीएम विष्णु देव साय ने किया ‘मेक इन सिलिकॉन’ संगोष्ठी का शुभारंभ

Posted by - November 7, 2025 0
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Dev Sai) ने आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) नवा…
CM Vishnudev Sai

समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं महिला सशक्तिकरण: मुख्यमंत्री

Posted by - December 13, 2025 0
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Women Empowerment Model) के संकल्प को साकार…
Srinagar

अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमला नाकाम, श्रीनगर में 2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर

Posted by - June 14, 2022 0
जम्मू-कश्मीर: श्रद्धालुओं की धमकियों को बेअसर करने के लिए देर रात की गई मुठभेड़ के बाद अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra)…