यमुनोत्री (Yamunotri) घाटी में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार तड़के यमुनोत्री हाईवे पर कई जगह भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मलबा और बड़े बोल्डर गिरने के कारण सड़क बंद हो गई, जिसे खोलने के लिए निर्माण एजेंसी की मशीनें लगातार काम में जुटी हैं।
कई जगह गिरे मलबे और बोल्डर
बारिश के चलते हाईवे के कई हिस्सों में पहाड़ से मलबा गिरा है। सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी एजेंसी की मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश का असर यमुना नदी पर भी दिखाई दे रहा है। आपदा प्रभावित स्यानाचट्टी क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी कुछ होटलों की पहली मंजिल तक पहुंच गया। इससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
नदी ने नहीं बदली धारा
हालांकि राहत की बात यह है कि यमुना नदी अभी अपने मुख्य बहाव क्षेत्र में ही बह रही है। नदी ने नई धारा नहीं बनाई है, जिससे बड़े नुकसान का खतरा फिलहाल कम हुआ है। प्रशासन और आपदा टीमें स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
