congress
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अब कुछ ही महीनों का समय बचा है। राज्य के सभी राजनीतिक दलों ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रैली और जनसभाओं के जरिए मतदताओं को लुभाने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश इकाई की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूवी चुनाव से पहले बड़ी घोषणा की है। उन्होंने राज्य में पार्टी के सत्ता में आने पर लड़कियों को स्मार्टफोन और इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का वादा किया।
प्रियंका ने ट्वीट कर दी जानकारी

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा- कल मैं कुछ छात्राओं से मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ने व सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। मुझे खुशी है कि घोषणा समिति की सहमति से आज यूपी कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया ऐतिहासिक कदम
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि यूपी में 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने पर इंटर पास बहनों को स्मार्टफोन और स्नातक पास हमारी बहनों को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी की हमारी दूसरी प्रतिज्ञा प्रदेश की बेटियों को सम्मान और सुरक्षा के साथ स्वाभिमान का द्योतक ऐतिहासिक कदम होगा।
गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी ने बड़ा दांव चलकर विपक्षी पार्टियों को जबरदस्त चुनौती दी है। इससे पहले 19 अक्टूबर को प्रियंका गांधी ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस में उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की थी।
प्रियंका गांधी ने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देगी। उन्होंने कहा कि सभी महिलाएं जो व्यवस्था में बदलाव लाना चाहती हैं, उनको आगे आने और चुनाव लड़ने का स्वागत है। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की, कोई भी महिला जो चुनाव लड़ना चाहती है वह 15 नवंबर तक आवेदन दे सकती है।
प्रियंका ने कहा था कि यह फैसला महिलाओं की राजनीति में नुमाईंदगी को बढ़ाएगी और प्रदेश का विकास तेजी से होगा। प्रियंका गांधी ने यूपी की करीब साढ़े तीन करोड़ महिला वोट बैंक को साधने की कोशिश की है। एक बार फिर उन्होंने स्मार्टफोन और स्कूटी से उन युवतियों के वोट को साधने की कोशिश की है जो 2022 में वोट करने जाएंगी।
राहुल गांधी ने बढ़ाया हौसला
देश की बेटी कहती है-
अपनी मेहनत से
शिक्षा की ताक़त से
सही आरक्षण से
मैं आगे-आगे बढ़ सकती हूँ#लड़की_हूँ_लड़_सकती_हूँ!यूपी सिर्फ़ शुरुआत है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 21, 2021
वहीं प्रियंका के बाद राहुल गांधी ने भी ट्वीट करते हुए कहा, देश की बेटी कहती है- अपनी मेहनत से, शिक्षा की ताकत से, सही आरक्षण से मैं आगे-आगे बढ़ सकती हूं। लड़की हूं लड़ सकती हूं।