लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने आज अपने सरकारी आवास पर जापानी प्रतिनिधिमण्डल के लखनऊ आगमन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अपर मुख्य सचिव खाद्य प्रसंस्करण सहित उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को जापानी प्रतिनिधिमण्डल के प्रस्तावित दौरे को प्रदेश की औद्योगिक, कृषि एवं निर्यात क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए निर्देशित किया कि जापानी प्रतिनिधिमण्डल के समक्ष उत्तर प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों द्वारा उत्पादित गुणवत्तापूर्ण एवं स्थानीय स्तर पर तैयार की जा रही सामग्रियों का प्रभावी प्रस्तुतिकरण किया जाए। इसके साथ ही ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत निर्मित एवं प्रख्यापित विशिष्ट उत्पादों का प्रस्तुतिकरण किया जाए, ताकि प्रतिनिधिमण्डल उत्तर प्रदेश की स्थानीय उत्पादन क्षमता, पारंपरिक कला-कौशल तथा आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की संभावनाओं से परिचित हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विविध कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प एवं विशिष्ट स्थानीय उत्पादों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। प्रदेश के अनेक उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है, जिनकी देश-विदेश में व्यापक मांग है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट और सरल है कि उत्तर प्रदेश के जीआई टैग प्राप्त उत्पादों एवं विशिष्ट भोज्य सामग्रियों का बड़े पैमाने पर विदेशों में निर्यात बढ़ाया जाए। इससे प्रदेश के किसानों, उद्यमियों, महिला उद्यमियों तथा युवाओं की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने, उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और तकनीकी सहयोग के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए बेहतर वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था तथा सरल और सुगम प्रक्रियाओं को निरंतर मजबूत किया जा रहा है। जापानी प्रतिनिधिमण्डल के साथ संवाद से प्रदेश में निवेश, तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं हैं। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनोमी बनाने के लक्ष्य की दिशा में ऐसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निवेश महत्वपूर्ण कदम हैं।
डबल इंजन सरकार प्रदेश सरकार किसानों, उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
