हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जिले के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली के साथ उत्तराखंड में ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल होते हुए कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समानता, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक विषमताओं के दौर में प्रेम, समानता और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा, “कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्म और मानव सेवा ही उसे महान बनाते हैं।” उन्होंने समाज से भेदभाव समाप्त कर समरस और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है, जो संत रविदास के समरस समाज के विचारों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
भगवानपुर में विकास कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, करीब 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सड़कों, संपर्क मार्गों, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट जैसी अनेक परियोजनाएं भी पूरी की गई हैं।
उन्होंने लोगों से संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक सद्भाव और जनभागीदारी के माध्यम से भेदभावमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
खजान दास बोले— देशभर में पहुंच रहा संत रविदास का संदेश
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास के विचारों और संदेश को देशभर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संत रविदास की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में शुरू हुई समरसता संकल्प यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग तक संत रविदास के संदेश को पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
इस अवसर पर स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए समाज को धर्म और सद्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर समरसता संकल्प अभियान को राज्य के सभी जिलों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
