देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, सिंचाई परियोजनाओं, धार्मिक एवं सामुदायिक अवसंरचना तथा आपदा प्रभावितों की सहायता सहित अनेक विकास कार्यों के लिए करीब ₹14 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से विभिन्न क्षेत्रों में लंबित परियोजनाओं को गति मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत सिरड के नैनीपातल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹79.87 लाख, चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना के लिए ₹32.49 लाख तथा चंपावत विधानसभा क्षेत्र में सेलागाड़ से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹40.53 लाख की स्वीकृति दी है।
धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.31 लाख, ग्राम कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹59.80 लाख, पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए अवशेष ₹39.30 लाख तथा अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भेटाबड़ोली स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.50 लाख की मंजूरी दी है।
ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामबाग हरिपुरा और पंचाननपुर में मंदिर एवं धर्मशालाओं के निर्माण के लिए स्वीकृत ₹2.54 करोड़ की योजना के तहत पहली किश्त के रूप में ₹1.01 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.80 लाख की स्वीकृति भी दी गई है।
चंपावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मैरोली और बड़पास में आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण कराने के लिए स्वीकृत ₹3.89 करोड़ की योजना के तहत पहली किश्त के रूप में ₹1.87 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है। वहीं अमृत योजना के अंतर्गत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए ₹4.95 करोड़ की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील के धराली गांव में क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों के 13 प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹1.21 करोड़ की शेष धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन दिया है। इससे पहले तीन प्रभावितों को ₹3.12 लाख की सहायता राशि जारी की जा चुकी थी, जिसका समायोजन करते हुए शेष राशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, धार्मिक पर्यटन, सामुदायिक सुविधाओं और आपदा राहत से जुड़े कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
