Site icon News Ganj

चारधाम यात्रा पर फेक न्यूज फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, भ्रामक वीडियो मामले में FIR दर्ज

CM Dhami

CM Dhami

देहरादून/रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) के नेतृत्व में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। राज्य सरकार द्वारा यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनिटरिंग को मजबूत करते हुए श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराए जा रहे हैं।

इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चारधाम यात्रा को लेकर भ्रामक, अपुष्ट और तथ्यहीन वीडियो एवं सामग्री प्रसारित कर आमजन को भ्रमित करने तथा राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

जनपद रुद्रप्रयाग में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक ऐसा वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने संबंधी गलत जानकारी प्रसारित की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सोनप्रयाग थाना में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है।

प्रशासन ने बताया कि ऐसे अन्य 4 से 5 संदिग्ध वीडियो भी चिन्हित किए गए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू हैं और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए जा रहे हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह, दुष्प्रचार या भ्रामक सूचना को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लिया जाएगा।

सरकार की ओर से कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है और यात्रा की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें तथा किसी भी अपुष्ट या संदिग्ध सामग्री को साझा करने से बचें।

Exit mobile version