देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उत्तराखंड के देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी गई है।
आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कृति की झलक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से शामिल किया गया है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया है। वहीं अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाएंगी।
रेलवे में हो रहा अभूतपूर्व बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार, सुरक्षा, गति और तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनों ने देश के रेल परिवहन को नई पहचान दी है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत किया है।
ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पर्वतीय क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से पर्वतीय क्षेत्रों में सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है।
रेल अवसंरचना के लिए रिकॉर्ड बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास हेतु 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है। इसके अलावा प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को भी नई मजबूती देगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधि, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

