Site icon

प्रधानमंत्री मोदी फिर आएंगे पंजाब, तैयारियों में जुटी भाजपा

PM-Modi-1

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) इसी महीने पंजाब के दौरे पर आने वाले हैं। प्रस्तावित दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान पंजाब को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं, जिनमें आधारभूत ढांचे, रेलवे, कनेक्टिविटी और जनकल्याण से जुड़ी योजनाएं प्रमुख होंगी।

बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं रहने दी है और राज्य में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने यह भी दोहराया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। हाल ही में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की।

रवनीत सिंह बिट्टू ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता विकास करने वाली सरकार और आंतरिक कलह में उलझी विपक्षी पार्टियों के बीच का अंतर अच्छी तरह समझ चुकी है। बिट्टू ने कांग्रेस की हाल ही में घोषित संगठनात्मक नियुक्तियों पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने मजबूत संगठन तैयार करने के बजाय नेताओं को पद बांटकर संतुष्ट करने की कोशिश की है।

उनके अनुसार कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर असंतोष और गुटबाजी लगातार बढ़ रही है, जिससे पार्टी की चुनावी तैयारियों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विकास, सुशासन और संगठन की मजबूती के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरेगी और प्रधानमंत्री मोदी का दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा।

Exit mobile version