Site icon News Ganj

रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में यूपी का बड़ा रिकॉर्ड, लखनऊ देश में नंबर-1

Rooftop Solar

Rooftop Solar

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर (Rooftop Solar) स्थापना के क्षेत्र में देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के नेतृत्व में राज्य देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे रूफटॉप सोलर बाजारों में अग्रणी बनकर उभरा है। देश के शीर्ष 10 जिलों में उत्तर प्रदेश के दो जिलों ने जगह बनाई है, जबकि शीर्ष 50 जिलों में प्रदेश के पांच जिले शामिल हैं।

रूफटॉप सोलर (Rooftop Solar) इंस्टॉलेशन के मामले में लखनऊ देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है, जबकि वाराणसी ने दसवां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि प्रदेश में तेजी से बढ़ते सोलर इकोसिस्टम और प्रभावी सरकारी प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

प्रदेश में अब तक 5.17 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर (Rooftop Solar) संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश पिछले एक वर्ष से देश में सर्वाधिक क्यूमूलेटिव रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन वाले राज्य के रूप में लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है।

प्रतिदिन 2000 तक पहुंची सोलर इंस्टॉलेशन की संख्या

राज्य में सोलर स्थापना की गति में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। मई 2025 तक जहां प्रतिदिन लगभग 500 संयंत्र स्थापित हो रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर करीब 2000 संयंत्र प्रतिदिन तक पहुंच गया है। इस तेजी से बढ़ते विस्तार के कारण प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये का व्यापारिक टर्नओवर उत्पन्न हो रहा है। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

यूपी बन रहा रिन्यूएबल एनर्जी निवेश का बड़ा केंद्र

प्रदेश में विकसित हो रहा सशक्त सोलर इकोसिस्टम अब केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर रहा है।

यूपीनेडा के निदेशक रविन्दर सिंह के अनुसार, राज्य नोडल एजेंसी के रूप में यूपीनेडा प्रभावी समन्वय और क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहा है। डिस्कॉम अधिकारियों द्वारा तेज नेट मीटरिंग, मीटर स्थापना और बिलिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं बैंकिंग संस्थान और लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर्स सोलर फाइनेंसिंग को बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्थानीय स्तर पर सहयोग और जागरूकता अभियान चला रहा है, जबकि निजी कंपनियां, ईपीसी कंपनियां और लॉजिस्टिक नेटवर्क भी तेजी से अपनी क्षमता का विस्तार कर रहे हैं।

सूर्य मित्र कार्यक्रम से मिल रहे प्रशिक्षित युवा

प्रदेश में सूर्य मित्र स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और यूपीनेडा द्वारा संचालित तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित एवं किफायती मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा रहा है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश आज सोलर मैन्युफैक्चरर्स, ईपीसी कंपनियों, डिस्ट्रीब्यूटर्स, टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स, फाइनेंसिंग संस्थानों और रिन्यूएबल एनर्जी स्टार्टअप्स के लिए बड़े निवेश और व्यावसायिक अवसर प्रस्तुत कर रहा है।

प्रदेश सरकार ने देशभर के रिन्यूएबल एनर्जी स्टेकहोल्डर्स से उत्तर प्रदेश की इस सोलर विकास यात्रा से जुड़ने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा तथा हरित विकास के मिशन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

Exit mobile version