पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) के भाई शाहिद अख्तर के जनाजे में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के राजनीतिक मोर्चे ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (PMML) के नेताओं की मौजूदगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इस्लामाबाद के H-8 कब्रिस्तान में हुई नमाज-ए-जनाजा में इस प्रतिबंधित संगठन से जुड़े कई कट्टरपंथी और आतंकी शामिल हुए थे, जिसके बाद पाकिस्तान में एक बार फिर आतंकियों और उनके राजनीतिक नेटवर्क के गठजोड़ को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
विभिन्न रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विवाद तब शुरू हुआ जब PMML से जुड़े आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ही इस जनाजे का एक वीडियो साझा किया गया। इस वीडियो में पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के अध्यक्ष इनाम-उर-रहमान को कई अन्य संदिग्ध चेहरों के साथ जनाजे में शिरकत करते हुए देखा गया।
गौरतलब है कि इनाम-उर-रहमान के संगठन PMML को मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद का ही एक छद्म राजनीतिक मंच माना जाता है। इसके अलावा, हाल ही में सामने आई कुछ तस्वीरों के आधार पर इनाम-उर-रहमान को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी के साथ भी देखे जाने का दावा किया जा रहा है।
इस हाई-प्रोफाइल जनाजे में जहां एक तरफ आतंकियों की मौजूदगी की खबर है, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान की सरकार के नुमाइंदे भी शोक व्यक्त करने पहुंचे। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने खुद शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) के आवास पर जाकर उनके भाई के निधन पर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। नेशनल असेंबली द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि स्पीकर सादिक ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी और शोक संतप्त परिवार को इस मुश्किल वक्त में संबल देने की कामना की।
बहरहाल, एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर के भाई के अंतिम संस्कार में इतने बड़े प्रतिबंधित नेटवर्क के नेताओं की सरेआम मौजूदगी ने पाकिस्तान के भीतर सक्रिय आतंकी संगठनों और मुख्यधारा के संबंधों को एक बार फिर दुनिया के सामने बेनकाब कर दिया है।

