Site icon

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमन दरबार साहिब में हुए नतमस्तक

Harman

अमृतसर। प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमन अपने परिवार सहित सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने पहुंचे। उन्होंने गुरु घर में माथा टेककर वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया और सरबत के भले, देश की तरक्की तथा भारतीय हॉकी टीम की कामयाबी के लिए अरदास की।

मीडिया से बातचीत करते हुए हरमन ने कहा कि श्री दरबार साहिब आकर उन्हें हमेशा आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रो लीग में भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया और पूरी टीम ने एकजुट होकर मैदान में शानदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान के खिलाफ मिली बड़ी जीत पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए हमेशा खास होता है। हरमन ने कहा कि इस तरह की जीत से टीम का मनोबल बढ़ता है और आने वाले टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम आगे भी देश के लिए इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करेगी और और अधिक पदक जीतेगी।

युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए हरमन ने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। युवाओं को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी लगन से मेहनत करते हैं, सफलता एक दिन जरूर उनके कदम चूमती है। हरमन ने बताया कि वह बचपन से अपने परिवार के साथ श्री दरबार साहिब आते रहे हैं और हर बड़े टूर्नामेंट से पहले या बाद में गुरु घर आकर आशीर्वाद लेना अपनी खुशकिस्मती मानते हैं।

Exit mobile version