Site icon

नायब सिंह सैनी का खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान, मेडल विजेताओं का होगा सम्मान

CM-Nayab-Singh-Saini-6

चंडीगढ़। खेलों की धरती के रूप में पहचान बना चुके हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से अपने नकद पुरस्कार का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है।

राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और पैरा एशियन खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 198 खिलाड़ियों को कुल 20.59 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करेगी। इसे प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने तथा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सात जुलाई को सुबह 11 बजे पंचकूला के सेक्टर-एक स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह के आडिटोरियम में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहेंगे।

पुरस्कार राशि के तहत विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 117 खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, पैरा एशियन खेल-2022 के 78 खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये, जबकि राष्ट्रीय स्तर के तीन खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।

2036 ओलिंपिक खेलों में 36 पदक जीतने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि हरियाणा देश में सबसे अधिक पदक जीतने वाले राज्यों में शामिल है। प्रदेश सरकार ने 2036 ओलिंपिक खेलों में 36 पदक जीतने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है।

इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और समय पर प्रोत्साहन देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बता दें कि रुकी हुई पुरस्कार राशि का वितरण केवल खिलाड़ियों का सम्मान नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।

Exit mobile version