देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर बड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट कहा है कि राज्य सरकार के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज और समुदायों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत है और राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी यात्राएं सुचारु और सुरक्षित तरीके से संचालित हों।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे देवभूमि के शांत वातावरण में अपनी यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
कर्णप्रयाग और नगरासू मामलों में जांच जारी
धामी (CM Dhami) ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आए मामलों में सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
चारधाम यात्रा में 40 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने बताया कि राज्य में चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंट साहिब यात्रा भी व्यवस्थित रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक चारधाम यात्रा में 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।
उन्होंने (CM Dhami) कहा कि उत्तराखंड में सिख गुरुओं से जुड़े तीन प्रमुख पवित्र स्थल — Hemkund Sahib, Reetha Sahib और Nanakmatta Sahib स्थित हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करना देवभूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप यहां आने वाले सभी लोगों का स्वागत किया जाता है।
भड़काऊ और फर्जी खबरों पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने सोशल मिडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों से अपील की कि वे समाज को बांटने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भ्रामक और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट रुख है कि उत्तराखंड में ऐसा कोई कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे या किसी धर्म और आस्था को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि संवाद, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण ही सभी समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।
बैठक में Badrinath-Kedarnath Temple Committee अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

