देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निस्तारण जिला अथवा विभागीय स्तर पर किया जा सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन-प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना जाए और नियमानुसार उनका यथाशीघ्र निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई हो और शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
सीएम हेल्पलाइन-1905 और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ को बनाया जा रहा प्रभावी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है।
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया।
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले मुख्यमंत्री
जनसुनवाई के दौरान ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में आयोजित हुई थी।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

