Site icon News Ganj

CM धामी ने किया देहरादून-पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ

CM Dhami inaugurated the Dehradun-Pithoragarh-Dehradun air service

CM Dhami inaugurated the Dehradun-Pithoragarh-Dehradun air service

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami ) ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के शुभअवसर पर शुरू हुई इस सेवा से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच यात्रा समय घटकर लगभग एक घंटा रह जाएगा। उन्होंने इसे सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री (CM Dhami ) ने कहा कि पहले हवाई यात्रा को केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना के माध्यम से आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा सुलभ हुई है। योजना के तहत छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री (CM Dhami ) के अनुसार, वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023 में शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।

मुख्यमंत्री (CM Dhami ) ने कहा कि नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों का विकास तेज होगा। इस सेवा का संचालन एलाइंस एयर की ओर से 42 सीटर विमान से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर लगभग 450 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। साथ ही नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच समझौता भी किया गया है।

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया। समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान, एसीईओ संजय टोलिया मौजूद थे।

Exit mobile version