देहरादून, 18 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से एचडीएफसी बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जनहित के लिए उपलब्ध कराई गई 4 अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य सरकार ने इसे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं द्वारा जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है और इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। एचडीएफसी बैंक द्वारा CSR के माध्यम से उपलब्ध कराई गई ये एम्बुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने एचडीएफसी बैंक की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में ऐसी सुविधाएं बेहद उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुम्भ सहित राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों के लिए भी CSR के माध्यम से अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।
बैंक अधिकारियों के अनुसार इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ आवश्यक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। साथ ही अगले तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जनपदों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में इनका उपयोग राज्य के प्रमुख धार्मिक आयोजनों तथा आपदा प्रबंधन कार्यों में भी किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली तथा एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों में मुस्कान सिंह (ब्रांच बैंकिंग हेड-नॉर्थ 3), संजीव कौशिक (रीजनल हेड-नॉर्थ 3), जोनल हेड उत्तराखंड बकुल सिक्का, स्टेट हेड उत्तराखंड गौरव जैन और आयुष सिंघल उपस्थित रहे।

