Site icon News Ganj

मदननेगी में खुलेगा नया केंद्रीय विद्यालय, सीएम धामी ने जताया केंद्र सरकार का आभार

cm dhami

cm dhami

देहरादून/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद स्थित मदननेगी क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दिए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मदननेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह विद्यालय सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ही संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के खुलने से मदननेगी और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे न केवल विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर बेहतर होगा, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रारंभिक चरण में इस विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू की जाएगी, जिसमें प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन होगा। आवश्यकता और स्वीकृति के आधार पर आगामी वर्षों में विद्यालय का विस्तार किया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के 30 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी, जिससे स्थानीय अभिभावकों और छात्रों को जल्द राहत मिल सके।

गौरतलब है कि यह निर्णय भारत सरकार की उस योजना के तहत लिया गया है, जिसके अंतर्गत देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाने प्रस्तावित हैं। मदननेगी, टिहरी गढ़वाल का यह विद्यालय भी उन्हीं स्वीकृत संस्थानों में शामिल है।

Exit mobile version