Site icon News Ganj

एके शर्मा ने वाराणसी नगर विकास विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

AK Sharma

AK Sharma

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने नगर निगम वाराणसी के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री श्री शर्मा (AK Sharma) ने सड़कों के किनारे पड़े ईंट, गिट्टी एवं मलवे को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए जोनल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे केवल खानापूर्ति न करें, बल्कि पूरी सक्रियता और पैनी निगरानी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता को साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर मिलना चाहिए।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर विकास मंत्री को आश्वस्त किया कि 10 दिनों के भीतर विशेष अभियान चलाकर शहर से मलवा हटाने की कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी।

बैठक में मंत्री श्री शर्मा (AK Sharma) ने वाराणसी के घाटों की साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि घाटों की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त हो।उन्होंने कबीर चौरा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में थीमेटिक पार्क विकसित करने के निर्देश दिए और कहा कि संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल योजनाओं को फोकस के साथ समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने की।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, लिगेसी वेस्ट निस्तारण, जीरो प्लास्टिक प्रमोशन, मियावाकी प्लांटेशन, नमो वन, सीएम स्मार्ट ग्रिड, डिजिटल लाइब्रेरी, चितईपुर फूड प्लाजा तथा शहर के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया।मंत्री श्री शर्मा ने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वाराणसी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में मेयर अशोक तिवारी, एमडी जलनिगम/सचिव नगर विका रविन्द्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त, जलकल, डूडा एवं अन्य संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Exit mobile version