Site icon News Ganj

उत्तराखंड में रेलवे विस्तार को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने रखीं कई बड़ी परियोजनाओं की मांग

A delegation led by the Chairman of the Railway Board met CM Dhami

A delegation led by the Chairman of the Railway Board met CM Dhami

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, संचालित रेल परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की रेलवे जरूरतों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसके निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से विशेष रूप से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनेगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने जानकारी दी कि परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति दिखाई देगी। इसके साथ ही उन्होंने कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन और किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजनाओं को क्षेत्रीय संतुलित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर तेजी से कार्रवाई आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन की लगातार बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की, जबकि कुमाऊं मंडल में हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर रेलवे स्टेशन प्रदेश के प्रमुख प्रवेश द्वार हैं, इसलिए इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप विशेष सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबल लाइन विस्तार की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई है, उन पर पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा।

बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

Exit mobile version