Site icon

काले बादलों से घिरी दिल्ली, कई इलाकों में बारिश शुरू

Delhi-Rain

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आखिरकार मॉनसून का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दोपहर के बाद दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

तापमान में आई गिरावट

सुबह से बादलों और तेज हवाओं के कारण राजधानी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

गौरतलब है कि 2 जुलाई को मौसम विभाग ने दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पहुंचने की आधिकारिक घोषणा की थी, जिसके बाद अब राजधानी में इसका प्रभाव तेज़ी से दिखाई देने लगा है।

दिनभर बारिश का अनुमान

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार सुबह से रात तक दिल्ली में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।

उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रहा मॉनसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर अरब सागर, गुजरात के शेष हिस्सों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ चुका है। मॉनसून की इस सक्रियता के चलते दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version